केबल बॉक्स फटा, हजारों घरों की बिजली गुल
बुलंदशहर। सर्दी की अधिकता से आए दिन बिजली के उपकरणों में खराबी आने लगी है। मंगलवार दोपहर बाईपास पर केबल बॉक्स फट गया। इसके चलते हजारों घरों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। करीब डेढ़ बजे गई बिजली शाम पांच बजे ही बहाल हो पाई। टीम के मरम्मत करने पर साढ़े तीन घंटे बाद सप्लाई सुचारु हो सकी।
डीएवी फ्लाईओवर के पास मंगलवार दोपहर करीब डेढ़ बजे केबल बॉक्स फट गया। इसके चलते अंसारी रोड बिजलीघर से जुड़े लक्ष्मीनगर, प्रीतविहार, कचहरी रोड, कालाआम, अस्पताल रोड समेत विभिन्न क्षेत्रों के हजारों घरों की आपूर्ति ठप हो गई। पावर कॉरपोरेशन के अफसरों को सूचना मिलने के बाद टीम बाईपास पहुंची। टीम ने मरम्मत कार्य शुरू किया। करीब साढ़े तीन घंटे बाद बॉक्स को दुरुस्त कर सप्लाई सुचारु की गई। बिजली न होने के कारण उपभोक्ताओं को सर्दी में काफी दिक्कतें झेलनी पड़ीं। घरों में ब्लोअर, हीटर आदि बंद हो गए। इससे कड़ाके की ठंड में लोग परेशान हो गए।
मौसम में नमी होने के कारण केबल बॉक्स फट रहे हैं। बॉक्स को दुरुस्त कराकर सप्लाई सुचारु करा दी गई है। - सुमित कुमार, एसडीओ, अंसारी रोड बिजलीघर