आज होगी ट्रेड यूनियन की हड़ताल, करोड़ों का काम रहेगा ठप
बुलंदशहर। जनपदभर में बुधवार को बैंक, इंश्योरेंस कंपनी, सफाई कर्मचारी, इनकम टैक्स, बीएसएनएल समेत अन्य विभागों के कर्मचारी व अधिकारी हड़ताल पर रहेंगे। इससे बुधवार को आम जनमानस को समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है तो दूसरी ओर हड़ताल में बैंको के शामिल होने से जनपदभर में बुधवार को कई करोड़ का कारोबार प्रभावित होने की आशंका भी जताई जा रही है।
बीते दिनों यूनाईटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन की ओर से एक पत्र जारी किया गया था। इसमें बताया गया था कि बुधवार को देशव्यापी हड़ताल के चलते देशभर में बैंक, नगर पालिका, नगर पंचायत, बीएसएनएल, इंश्योरेंस, इनकम टैक्स समेत विभिन्न सरकारी व गैर सरकारी संस्थाओं के विभिन्न संगठनों से जुड़े हुए कर्मचारी व अधिकारी हड़ताल पर रहेंगे। बुधवार सुबह नौ बजे सभी कर्मचारियों व अधिकारियों को पुरानी जेल परिसर के निकट स्थित केनरा बैंक पर एकत्रित होने को आह्वान किया गया है। इसके बाद सभी लोग पदयात्रा निकालकर राजेबाबू पार्क पर पहुंच कर एकत्रित होंगे। जहां एक बैठक का आयोजन किया जाएगा। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन के जिला संयोजक विक्रम सिंह राघव ने बताया कि केंद्र सरकार की नई आर्थिक नीतियों, कामगार विरोधी श्रम सुधारों और जनविरोधी नितियों के खिलाफ हड़ताल का निर्णय लिया गया है। बैठक में चार सूत्रीय मांगों बैंकों का 11वां वेतन समझौता शीघ्र, किए जाने, बैंकों का विलय वापस लिए जाने, पुरानी पेंशन बहाल करने व असंगठित क्षेत्र के मजदूरों का न्यूनतम वेतन 21 हजार रुपये प्रतिमाह किए जाने की मांग पर चर्चा की जाएगी।
आज विभिन्न संस्थाओं व वर्गों से जुड़े कर्मचारी-अधिकारी हड़ताल पर रहेंगे। चार सूत्रीय मांगों को लेकर सुबह पैदल मार्च निकाला जाएगा, उसके बाद राजेबाबू पार्क में सभा का आयोजन किया जाएगा। - सुरेंद्र कुमार, सचिव, यूपी एंप्लायज एसोसिएशन