अब परिषदीय स्कूलों में भी मनाया जाएगा वार्षिकोत्सव
बुलंदशहर। निजी स्कूलों की भांति अब परिषदीय स्कूलों में भी वार्षिकोत्सव का आयोजन किया जाएगा। साथ ही प्रत्येक तीन माह में अभिभावकों संग बैठक होगी। शासन ने यह आदेश परिषदीय स्कूलों में शैक्षणिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जारी किया है। वहीं, बैठक के आयोजन से अभिभावक और शिक्षकों में अध्यापन कार्य को लेकर विचार-विमर्श किया जाएगा।
अभी तक निजी स्कूलों में प्रत्येक माह अभिभावकों की बैठक और प्रतिवर्ष वार्षिकोत्सव का आयोजन किया जाता है। जिससे छात्र-छात्राओं की पढ़ाई पर भी असर पड़ता है। जिसको अब परिषदीय स्कूलों में भी लागू किया जा रहा है। आगामी सत्र में परिषदीय स्कूलों में वार्षिकोत्सव के साथ तीन माह में अभिभावकों की बैठक के आयोजन को लेकर अपर मुख्य सचिव रेणुका कुमार द्वारा प्रदेश के सभी जिलाधिकारी और बीएसए को पत्र जारी कर दिया है। अपर मुख्य सचिव द्वारा भेजे गए पत्र के अनुसार जनवरी, अप्रैल, जुलाई और अक्तूबर के दूसरे सोमवार को विद्यालयों में सुबह 11 बजे से 12 बजे के मध्य अभिभावकों की बैठक का आयोजन किया जाए। सोमवार को किसी कारण अवकाश होने पर बैठक अगले कार्य दिवस में आयोजित की जाए। वहीं, बैठक में विद्यालय के समस्त शिक्षकों को उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं। साथ ही बैठक के आयोजन से दो दिन पूर्व छात्रों की नोटबुक में लिखित रूप से अभिभावकों को सूचित करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा फरवरी माह में बच्चों की सर्वांगीण विकास के लिए वार्षिकोत्सव का आयोजन कर छात्रों के अंदर छुपी प्रतिभा निभारने के निर्देश दिए हैं। बीएसए अखंड प्रताप सिंह ने बताया कि इस संबंध में अपर मुख्य सचिव के निर्देश प्राप्त हो चुके हैं। शासन की यह योजना छात्रों में छुपी प्रतिभा निखारने के साथ शैक्षणिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।