जनपद में शांतिपूर्ण अदा की गई जुमे की नमाज
बुलंदशहर। बवाल के बाद दूसरे शुक्रवार को जुुमे की नमाज जनपदभर में शांतिपूर्ण तरीके अदा की गई। जनपद में कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। नगर की मस्जिदों में पुलिस प्रशासन के अधिकारी भ्रमण करते रहे और लोगों से शांति की अपील की। नमाज खत्म होने के बाद पुलिस प्रशासन ने चैन की सांस ली।
शुक्रवार को शांतिपूर्ण तरीके से जुमे की नमाज जनपदभर की मस्जिदों में अदा की गई। पूर्व की भांति लोग आराम से नमाज पढ़कर अपने-अपने घर की ओर गए। इस दौरान ऊपरकोट पूरी तरह से छावनी में तब्दील हो गया था। ऊपरकोट स्थित जामा मस्जिद में जुमे की नमाज हर बार की तरह निर्धारित समय पर अदा की गई। इस दौरान एडीएम प्रशासन रवींद्र कुमार और एसपी सिटी अतुल श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे और लोगों के साथ मौजूद रहे। उनके साथ उपस्थित पुलिसकर्मियों ने वहां पर ट्रैफिक व्यवस्था को व्यवस्थित किया। इस दौरान लोगों ने एडीएम और एसपी सिटी के साथ फोटो भी खिंचवाए। एडीएम रवींद्र कुमार ने सभी से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। नमाज के बाद लोग जामा मस्जिद से बाहर निकलकर शांति से अपने-अपने घर चले गए। इसके बाद एडीएम और एसपी सिटी ने काली मस्जिद समेत सभी मस्जिदों का दौरा किया और सभी जगह अपनी उपस्थिति में नमाज अदा कराई। इस दौरान दोनों ने ऊपरकोट के विभिन्न इलाकों में घूमकर कानून व्यवस्था का जायजा लिया। कमी देखकर पुलिसकर्मियों को दिशा निर्देश दिए। वहीं, डीएम रविंद्र कुमार और एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने भी सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। दोनों काफी देर तक नगर कोतवाली पर डटे रहे और पुलिस व प्रशासन के अधिकारियेां को दिशा निर्देश देते रहे। इस दौरान डीएम एसएसपी फोन पर जनपद भर से जानकारी लेते रहे और फोन पर ही अफसरों को आदेश देते रहे। करीब ढाई बजे जब सबकुछ सामान्य रहा तो पुलिस प्रशासन के अफसरों ने चैन की लंबी सांस ली।
इनसेट=
पुलिस की मौजूदगी में खुला रहा बाजार
ऊपरकोट में जुमे की नमाज के समय सारा बाजार खुला रहा। नमाज पढ़कर लोगों ने खरीदारी की और अपने घर की ओर चले गए। इस दौरान भारी पुलिस बल बाजार में तैनात रहा। लोगों के चेहरों पर भी शांति देखकर मुस्कान रही।
इनसेट=
एक सप्ताह पूर्व बरसे थे पत्थर, अब ‘बरसे’ फूल
बता दें कि एक सप्ताह पूर्व जुमे की नमाज के बाद ऊपरकोट कोतवाली के पास जमकर पत्थर बरसे थे। जिसमें कई पुलिसकर्मी और आमजन घायल भी हो गए थे। हालात यहां तक खराब हो गए थे कि उपद्रवियों ने पुलिस की जीप तक पत्थर से तोड़कर आग लगा दी थी। लेकिन एक वो जुमे की नमाज थी और एक यह जुमे की नमाज है। इस शुक्रवार को माहौल जुदा ही दिखाई दिया। लोग भी वही, जगह भी वही, लेकिन मामला जुदा दिखाई दिया। जुमे की नमाज के बाद मुस्लिम समुदाय के लोगों ने प्रशासनिक अधिकारियेां को फूल देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर मौजूद नगर मजिस्ट्रेट विवेक कुमार मिश्रा ने भी फूल लेकर लोगों का आभार जताया।