बाइक सवार युवक को अज्ञात वाहन ने रौंदा, मौत
बुलंदशहर। देहात कोतवाली क्षेत्र में नेशनल हाईवे 91 पर मंगलवार सुबह तेज रफ्तार अनियंत्रित वाहन ने बाइक सवार युवक को रौंद दिया। हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, मृतक के परिजनेां में कोहराम मचा हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार हापुड़ जनपद के बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव खेड़ा निवासी उमेश उर्फ लकी पुत्र मेंबर सिंह हाईवे स्थित मधुसूदन डेयरी में नौकरी करता था। बताया गया कि वह कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव धीमरी में अपनी बहन की ससुराल में रहता था। जहां से वह बाइक से ही डेयरी पर आना-जाना करता था। सोमवार देर रात उसने नाइट शिफ्ट में ड्यूटी की थी। जहां से वह मंगलवार सुबह करीब साढ़े छह बजे ड्यूटी खत्म कर बाइक से धीमरी जाने को निकला था। बताया गया कि जब वह ठंडी प्याऊ के निकट पहुंचा तो किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में उमेश की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही मृतक की शिनाख्त के बाद उसके परिजनों को सूचित किया गया। जिसके बाद परिजन जिला अस्पताल पहुंच गए। मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। मामले में खबर लिखे जाने तक तहरीर नहीं दी गई थी। देहात कोतवाल अखिलेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।