टेंट हाउस में आग लगने से लाखों का सामान जला
सिकंदराबाद। टेंट हाउस में लगी अचानक आग से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। सूचना पर पहुंची दमकल की टीम को आग पर काबू पाने में करीब एक घंटे का समय लगा।
चौधरीवाडा निवासी गौरव शर्मा पुत्र स्वर्गीय दिनेशचंद शर्मा ने बताया कि खत्रीवाडा में उसका जेजी के नाम से टैंट हाउस है। टेंट हाउस के ऊपरी मंजिल पर वह परिवार के साथ रहता है। बताया कि सोमवार रात करीब 9 बजे उसने टेंट हाउस से अचानक धुआं निकलते देखा। उसने जाकर देखा तो टेंट हाउस में रखे सामान में आग लगी हुई थी। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। बताया कि उसने पुलिस व दमकल विभाग को घटना की जानकारी दी। सूचना पर पहुंची दमकल की टीम को आग पर काबू पाने में करीब एक घंटे का समय लगा। गौरव शर्मा ने बताया कि आग से उसका करीब दो लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। सिकंदराबाद फायर स्टेशन इंचार्ज संजीव कुमार यादव ने बताया कि अभी आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। मामले की जांच की जा रही है।