छह दिसंबर: पुलिस-प्रशासन रहा सतर्क, रही पैनी निगाह
बुलंदशहर। राम जन्मभूमि पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद छह दिसंबर को जिले में चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहा। डीएम और एसएसपी ने जनपदभर में लगातार गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए रखी। जुम्मे की नमाज के चलते धार्मिक स्थलों के बाहर भी पुलिस बल तैनात किया गया। साथ ही ड्रोन आदि से भी सुरक्षा व्यवस्था की चौकसी बरती गई।
बता दें कि रामजन्मभूमि पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद छह दिसंबर को लेकर खुफिया रिपोर्टों में भी असामाजिक तत्वों द्वारा माहौल बिगाड़ने की आशंका जताई गई थी। राजधानी दिल्ली के नजदीक होने और मिश्रित आबादी होने के कारण बुलंदशहर की गिनती अतिसंवेदशील जनपदों में होती है। इसके मद्देनजर पुलिस-प्रशासन ने छह दिसंबर के दिन शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जनपदभर में विशेष इंतजाम किए थे। पांच दिसंबर से ही जिला पुलिस प्रशासन ने संवेदनशील व अतिसंवेदनशील स्थानों पर चौकसी बरतनी शुरू कर दी थी। इस दौरान ड्रोन से भी नजर रखी जा रही थी। साथ ही जिला प्रशासन ने छह दिसंबर के मद्देनजर स्कूलों की छुट्टियां कर दी थीं। इसके अलावा धार्मिक स्थलों, मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों समेत अन्य सभी संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात करते हुए थाना प्रभारियों को लगातार गश्त करने के निर्देश दिए गए। शुक्रवार को सुबह से ही डीएम रविंद्र कुमार और एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने पुलिस बल के साथ कई स्थानों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। सुबह से ही पुलिस बल को मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों और धार्मिक स्थलों के बाहर व संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात कर दिया गया। सभी थाना प्रभारियों को लगातार गश्त करने, प्रत्येक घटना को गंभीरता से लेकर कार्रवाई करने, अफवाह फैलाने वाले लोगों पर सख्त कार्रवाई करने, छेड़छाड़ जैसी घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए गए थे।