सुंदर हत्याकांड : 72 घंटे बाद भी आरोपियों का नहीं लगा सुराग
बुलंदशहर। सिकंदराबाद थाना क्षेत्र के गांव चंद्रावली निवासी किसान सुंदर हत्याकांड के मामले में पुलिस 72 घंटे बाद भी आरोपियों का सुराग नहीं लगा सकी है। हालांकि, उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार खाक छान रही है। लेकिन, आरोपी पुलिस को अभी तक चकमा देने में कामयाब होत नजर आ रहे हैं। पुलिस जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दंभ भर रही है।
बता दें कि कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव भईपुरा के जंगल में गत मंगलवार सुबह सिकंदराबाद कोतवाली के गांव चंद्रावली निवासी किसान सुंदर पुत्र वीरसिंह का शव मिला था। उसके नाक और कान से खून बह रहा था। प्रथम दृष्टया देखने में लग रहा था कि किसान की ईटों से कुचलकर हत्या की गई है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। वहीं, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सुंदर की मौत सिर की हड्डी टूटने के कारण होना सामने आ रहा था। जबकि, जिस जगह से हड्डी टूटी है उस स्थान के बाहरी हिस्से में कोई चोट का निशान नहीं पाया गया था। वहीं, मामले में अब मृतक के पिता वीर सिंह की तहरीर के आधार पर नामजद आरोपी महेश, राजा व धनेश पुत्रगण महेंद्र निवासी गांव चंद्रावली के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई थी। पुलिस वारदात के बाद से ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। लेकिन, आरोपी पुलिस को अभी छकाते हुए नजर आ रहे हैं। देहात कोतवाल अखिलेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपियों को दबोच लिया जाएगा।