लड़खड़ाती बसों में हो रहा है कंपकंपाता सफर
जहांगीराबाद। हवादार खिड़की, चरमराती सीटें, सर्दी से ठिठुरन करतीं सवारियां। इन दिनों कुछ इस तरह का है जहांगीराबाद क्षेत्र की बसों में सफर। जो आपके कष्टों को यादगार बना देता है। कई जागरूक यात्रियों ने संयुक्त रूप से जिले के प्रभारी मंत्री व प्रदेश के परिवहन मंत्री को पत्र भेजकर बसों की स्थिति ठीक कराने की मांग की है।
जहांगीराबाद से औरंगाबाद, शिकारपुर व अनूपशहर को जाने वाले मार्गों पर जहां पूरी तरह प्राइवेट बसों का कब्जा है वहीं जहांगीराबाद से बुलंदशहर को जाने वाले रूटों पर भी अधिकांश प्राइवेट बसों का ही राज है। यह प्राइवेट बसें ही यात्रियों को उनके गंतव्य स्थान तक पहुंचाती हैं। दुर्भाग्य यह है कि परिवहन विभाग की शह पर बसों के मालिक कमाई की चिंता जरूर करते है लेकिन यात्रियों की सुविधाओं की ओर ध्यान देने की जहमत गंवारा नहीं समझते। हालत इस कदर खराब है कि इन बसों के सड़क पर दौडने के दौरान इतनी आवाज होती है कि अगल-बगल बैठे यात्री बात नहीं कर सकते। खिड़कियों के शीशे कब और कहां गिर जाएंगे, कहना मुश्किल है। नगर के जागरूक यात्री नरेंद्र शर्मा, आलोक गर्ग, मनमोहन, विजेंद्र लोधी, मुकेश गुप्ता, पवन सैनी, राजेंद्र लोधी आदि ने संयुक्त रूप से प्रदेश के परिवहन मंत्री व जिले के प्रभारी मंत्री अशोक कटारिया को एक पत्र भेजकर ऐसी बसों की तत्काल व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है।
अधिकांश बसों की व्यवस्था को जाड़े शुरू होने से पहले हर हाल में दुरुस्त करा लिया जाता है। उनके संज्ञान में ऐसी कोई बात सामने नही आई है, वह अब अपने स्तर से ऐसी बसों को देखकर उनमें ऐसी व्यवस्था कराएंगे इससे कि किसी भी यात्री को कोई परेशानी न हो सके। - मोहम्मद कय्यमू, एआरटीओ बुलंदशहर