जटपुरा निवासी रेसर विवेक कुमार।
- फोटो : BULANDSHAHR
बुलंदशहर के विवेक ने 1500 मीटर इंटरनेशनल चैंपियनशिप में जीता गोल्ड
अनूपशहर । अनूपशहर क्षेत्र के गांव जटपुरा निवासी धावक विवेक कुमार ने पंद्रह सौ मीटर दौड़ में अब तक कई गोल्ड मेडल हासिल कर प्रदेश व देश का नाम रोशन किया है। जेएनएल स्पोर्ट्स स्टेडियम दिल्ली में खेल प्राधिकरण द्वारा आयोजित पंद्रह सौ मीटर दौड़ में विवेक पुत्र चमन सिंह ने इंटरनेशनल चैम्पियनशिप में गोल्ड मेडल हासिल कर न केवल उत्तरप्रदेश व अनूपशहर क्षेत्र का नाम रोशन किया है, बल्कि रेलवे ने उसे एसआई पद की नौकरी भी दे दी है। जिस पर विवेेक 26 दिसम्बर को ग्वालियर में पदभार ग्रहण करेंगे। विवेक ने पंद्रह सौ मीटर की दौड़ को तीन मिनट सैंतालिस सेकेंड में पूरा कर गोल्ड मेडल हासिल किया है। विवेक कुमार ने बताया कि उसका सपना एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल हासिल करना है। अब तक विवेक कई राष्ट्रीय व अन्तरराष्ट्रीय दौड़ प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल हासिल कर चुके हैं। किसान परिवार से सरोकार रखने वाले युवक के इस कामयाबी को हासिल करने पर गांव जटपुरा में लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई है।