जख्मी हालत में मिला मगरमच्छ, उपचार के बाद छोड़ा
नरौरा। नगर के मोहल्ला गोपाल पुरी के आबादी क्षेत्र में पीएलजीसी नहर में श्निवार को एक मगरमच्छ जख्मी हालत में मिला। सूचना पर पहुंची भारतीय वन्य जीव संस्थान एवं वन विभाग की टीम ने उसे नहर से निकाल कर उपचार के बाद सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। नरौरा गंगा बैराज से निकली पीएलजीसी नहर में नगर के आबादी क्षेत्र में एक मगरमच्छ होने की सूचना गंगा प्रहरी द्वारा भारतीय वन्य जीव संस्थान की नगर स्थित टीम को मिली। वन्य जीव संस्थान द्वारा वन विभाग के अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई। जिसके बाद भारतीय वन्य जीव संस्थान की टीम ने अल्ताफ अंसारी के नेतृत्व में शनिवार को रेस्क्यू आपरेशन चला कर मादा मगरमच्छ को नहर से निकाला। रेस्क्यू टीम ने बताया कि नहर से निकाले गया मादा मगरमच्छ जख्मी हालत में मिला। जिसे उपचार करने के बाद सुरक्षित स्थान पर बैराज के निकट एक गड्ढे में सुरक्षित तरीके से छोड़ दिया गया।