प्रदूषण फैलाने पर तीन फैक्ट्रियों के खिलाफ एफआईआर
सिकंदराबाद। प्रदूषण फैलाने पर औद्योगिक क्षेत्र स्थित तीन फैक्ट्रियों पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी की तहरीर पर शनिवार को पुलिस ने उक्त तीनों फैक्ट्रियों के खिलाफ कार्रवाई की है। शुक्रवार को डीएम ने छापा मारकर प्रदूषण फैलाने पर तीनों फैक्ट्रियों पर सील लगवा दी थी।
बता दें कि पिछले कुछ दिनों से दिल्ली एनसीआर क्षेत्र में लगातार वायु प्रदूषण बढ़ता जा रहा है। वायु की गुणवत्ता इतनी खराब हो गई है कि लोगों का सांस लेना भी मुश्किल हो गया है। बढ़ते वायु प्रदूषण का सुप्रीम कोर्ट ने भी संज्ञान लेते हुए प्रदेश सरकार को प्रदूषण पर नियंत्रण लगाने के निर्देश दिए थे। सुप्रीम कोर्ट ने अपनी टिप्पणी में कहा था कि कोई किसी से जीने का अधिकार कैसे छीन सकता है। हर एक नागरिक को स्वच्छ वातावरण में सांस लेने का अधिकार है। दिवाली के बाद से जनपद में भी वायु प्रदूषण का ग्राफ लगातार बढ़ रहा हैं। कई बार तो एक्यूआई चार सौ के पार पहुंच चुका है। प्रदूषण के चलते सुबह स्मॉग की चादर आसामान को ढक लेती हैं। जिससे दिन भर अंधेरा सा छाया रहता है। लगातार बढ़ रहे वायु प्रदूषण के कारण वायु की गुणवत्ता काफी खराब हो गई है। बढ़ते प्रदूषण के चलते लोगों को सांस लेने में दिक्कत महसूस हो रही है। वही लोग दमा और चर्म रोगों जैसी बीमारी से पीड़ित हो रहे हैं। बढ़ते प्रदूषण के कारण दो बार स्कूलों की छुट्टी भी कराई गई। बढ़ते वायु प्रदूषण पर लगाम लगाने के लिए जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने टॉयर जलाकर तेल निकाले जाने की सूचना पर औद्योगिक क्षेत्र स्थित छह फैक्ट्रियों पर छापा मारा था। छापे के दौरान तीन फैक्ट्रियां बंद पाई गई थी। जबकि श्री सोमेश्वर एलायज प्राइवेट लिमिटेड, आरवी इंडस्ट्रीज, एएम इंटर प्राइजेज को प्रदूषण फैलाने का दोषी पाया गया था। जिलाधिकारी ने कार्रवाई करते हुए तीनों फैक्ट्रियों को सील करा दिया था। और संबंधित के विरुद्ध मान्य सर्वोच्च न्यायालय एवं एनजीटी के आदेशों का उल्लंघन करने पर एफआईआर दर्ज करने के निर्देश थे। शनिवार को पुलिस ने उक्त तीनों फैक्ट्रियों के खिलाफ कार्रवाई की है। कोतवाल सुनील कुमार सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी जीएस श्रीवास्तव की तहरीर पर आरवी इंडस्ट्रीज के प्रोप्राइटर विवेक अरोरा, सोमेश्वर एलायज प्राइवेट लिमिटेड के मोहित मित्तल, एम इंटरप्राइजेज के खिलाफ पर्यावरण संरक्षण अधिनिययम, वायु प्रदूषण अधिनियम समेेत संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।