अनियंत्रित कार ने बाइक सवार दो युवकों को रौंदा, एक गंभीर
बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र में चांदपुर रोड पर बृहस्पतिवार देर रात अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को रौंद दिया। हादसे में गंभीर घायल हुए एक युवक को जिला अस्पताल से हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया। वहीं मामले में अभी तक परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है।
नगर के मोहल्ला देवीपुरा द्वितीय निवासी राहुल सोलंकी पुत्र देवेश सोलंकी बृहस्पतिवार को अपने दोस्त अंकुर के साथ बाइक से खुर्जा गया था। जहां से वह दोनों देर रात करीब दस बजे बाइक से वापस बुलंदशहर लौट रहे थे। जब दोनों बाइक सवार युवक चांदपुर बंबे के निकट पहुंचे तो अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया और परिजनों को सूचना दी। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद राहुल को गंभीर हालत में हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया। वहीं अंकुर को घर भेज दिया गया। खबर लिखे जाने तक मामले में कोई तहरीर नहीं दी जा सकी थी।