थाना क्षेत्र के गांव ईसापुर में मंगलवार सुबह एक बोरे में बंद युवती का शव खेत में पड़ा मिला। कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंच घटनास्थल की जांच की। वहीं, बुलंदशहर से फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
क्षेत्र के गांव ईसापुर निवासी एक किसान के खेत में सुबह एक बोरे में बंद युवती का शव पड़ा मिला। सुबह जब क्षेत्रीय किसान खेतों पर पहुंचे तो उन्हें फटे हुए बोरे के अंदर एक युवती का शव दिखाई दिया। गांव निवासी सतवीर सिंह ने पुलिस को सूचना दी।
थोड़ी ही देर में कोतवाली इंस्पेक्टर योगेंद्र कुमार सिंह पुलिस बल सहित मौके पर पहुंचे। मौके पर फोरेंसिक टीम को बुलाया गया। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि मृतका को कहीं बाहर हत्या करके शव को खेत में डाला गया है। आसपास के गांवों के लोग भी मृतका की शिनाख्त नहीं कर पाए। मृतका के हाथों में मेहंदी व शरीर पर हल्दी से आशंका जताई जा रही है कि उसकी जल्द ही शादी होने वाली थी।
इंस्पेक्टर योगेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि बोरे को खोलने पर युवती के शव को बाहर निकाला गया। जिसके चेहरे पर लाल निशान थे, जो पिटाई के हो सकते हैं। गले में धार्मिक लॉकेट पड़ा हुआ था। हाथों व पैर में हल्दी लगी थी तथा हाथों में मेहंदी लगी हुई थी।
बोरे के अंदर शव के साथ कुछ कपड़े भी बरामद किए गए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। शिनाख्त के लिए 72 घंटे तक शव को मोर्चरी में रखा जाएगा। पुलिस शव की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है। शिनाख्त होने पर ही हत्या के कारणों की जानकारी हो सकेगी।