इस दिवाली चिकित्सकों को नहीं मिलेगा अवकाश
बुलंदशहर। शासन ने सरकारी अस्पतालों में दिवाली को लेकर अलर्ट जारी कर दिया है। 25 अक्तूबर से 28 अक्तूबर के बीच चिकित्सकों और कर्मचारियों को अवकाश नहीं मिलेगा। शासन ने स्वास्थ्य स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर आदेश जारी कर दिए है। वहीं, इस दौरान सभी अस्पतालों में चिकित्सक और स्वास्थ्य कर्मी तैनात रहेंगे।
दिवाली के दौरान काफी संख्या में लोग आतिशबाजी में झुलसकर या धुआं/ध्वनि से पीड़ित होकर अस्पतालों में आते है। इस दौरान अस्पतालों में चिकित्सक न मिलने पर मरीजों की हालत गंभीर हो जाती है। इस बार शासन ने पूर्व में अवकाश ले चुके चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों का अवकाश रद्द करते हुए अग्रिम आदेश तक अस्पतालों में तैनाती के निर्देश दिए है। सीएमओ डॉ. केएन तिवारी ने बताया कि दिवाली के मद्देनजर जिले के सभी सरकारी अस्पतालों की इमरजेंसी में 24 घंटे चिकित्सक और स्टाफ को तैनात रहने के लिए निर्देश जारी कर दिए है। साथ ही सभी चिकित्सकों को अलर्ट पर भी रखा गया है।