चारा मशीन की चपेट में आई महिला, मौत
जहांगीराबाद। नगर से सटे गांव चचरई में एक महिला की चारा काटने के दौरान मशीन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। जिसके बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ।
ग्रामीणों के मुताबिक चचरई गांव निवासी सूरज सिंह नोएडा की एक प्राइवेट फैक्ट्री में श्रमिक हैं। बुधवार की देर शाम सूरज सिंह की 30 वर्षीय पत्नि ऊषा देवी अपने पशुओं के लिए चारा मशीन से चारा काट रही थी कि अचानक उसकी साड़ी का पल्लू मशीन में आ गया जिससे लगातार पटकी खाते हुए ऊषा चारा काटने की मशीन की चपेट में आ गई। ऊषा के शोर मचाने पर परिजन व अन्य गांव के लोग ऊषा को बचाने के लिए दौड़े भी लेकिन तब तक ऊषा दम तोड़ चुकी थी। ऊषा की मौत को लेकर पूरे गांव में कोहराम मचा हुआ है। वहीं, पुलिस को सूचना दिए बगैर गुरुवार को गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। ऊषा अपने पीछे तीन मासूम बच्चों को छोड़कर गई है।