20 लाख रुपये न देने पर तीन तलाक की रिपोर्ट लिखाने का आरोप
बुलंदशहर। मुजफ्फरनगर के खतौली निवासी युवक ने अपनी पत्नी पर 20 लाख रुपये न देने पर तीन तलाक का मुकदमा दर्ज कराने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने एसएसपी से मिलकर मामले में जांच कर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
जनपद मुजफ्फरनगर के खतौली निवासी मुजम्मिल हयात ने बताया कि 31 मार्च 2018 को उसकी शादी स्याना निवासी युवती से हुई थी। शादी बिना दान दहेज के हुई थी। आरोप है कि शादी के कुछ दिन बाद जब उसकी पत्नी अपने मायके गई तो घर में रखे पांच लाख रुपये के जेवर व महंगे कपड़े ले गई थी। जब उसकी पत्नी वापस आई तो उससे पूछताछ की तो उसने कुछ नहीं बताया। कुछ दिन बाद वह दोबारा अपनी मां को देखने के लिए स्याना आई तो घर में मकान खरीदने के लिए रखे 10 लाख रुपये ले आई। पूछताछ करने पर उसके दोनों साले उसे जान से मारने की धमकी देने लगे। उसकी पत्नी भी अपने भाईयों का साथ देने लगी। कुछ दिनों बाद पत्नी ने उसके खिलाफ तीन तलाक देने, दहेज, छेड़छाड़ करने आदि का मुकदमा दर्ज करा दिया। पीड़ित ने एसएसपी से मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।