साहब! शौहर ने तीन तलाक देकर दी जान से मारने की धमकी
बुलंदशहर। नगर क्षेत्र में एक महिला को उसके पति ने तीन तलाक देकर जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता के अनुसार उसके शौहर ने तलाक देने से पहले उसके साथ गाली गलौच व अभ्रदता भी की थी। पीड़िता ने एसएसपी को शिकायत कर मदद की गुहार लगाई है।
जहांगीराबाद के मोहल्ला निवासी एक महिला का निकाह करीब चार साल पूर्व थाना नरसेना क्षेत्र के गांव रघुनाथपुर के युवक के साथ हुआ था। आरोप है कि निकाह के बाद से ही अतिरिक्त दहेज के लिए पीड़िता को परेशान किया जाने लगा। दबाव बढ़ने पर पीड़िता ने शौहर के खिलाफ दहेज का केस दर्ज करा दिया। पीड़िता के अनुसार 9 अक्तूबर को न्यायालय में वह तारीख पर आई थी। शाम करीब पांच बजे न्यायालय के गेट पर अपनी बहन और बहनोई के साथ पहुंची। वहां पहले से ही खड़े उसके पति ने रोक लिया और उसके साथ गाली-गलौच व अभ्रदता की। विरोध करने पर उसे मौके पर ही तीन तलाक दे दिया। आरोप है कि तीन तलाक देने के बाद उसके पति ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़िता ने एसएसपी से मामले में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।