जाम के झाम में उलझ रही जनपदवासियों की ‘जिंदगी’
बुलंदशहर। शहर की सुख सुविधा के लिए शासन की अमृत योजना के तहत नगर में भी सीवर लाइन का कार्य चल रहा है। लेकिन, इस योजना के तहत किया जा रहा कार्य अब नगर वासियों के लिए सिरदर्द बन गया है। बुधवार को भी नगर की विभिन्न सड़कों पर जाम में लोग उलझे हुए नजर आए।
बता दें कि जिला पुलिस प्रशासन बीते कई वर्षों से शहर को जाम मुक्त करने के लिए योजनाएं बना रहे हैं। लेकिन, इनमें से अधिकतर योजनाएं धरातल पर उतरने से पहले ही ठंडे बस्ते में चली जाती हैं। कुछ योजनाओं को पटरी पर उतार कर जाम के झाम से मुक्ति दिलाने की कोशिश भी की गई, लेकिन यह योजनाएं भी कुछ दिन बाद दम तोड़ गईं। नगर के मुख्य कालाआम चौराहे पर लाखों की लागत से लगीं ट्रैफिक लाइटें भी शोपीस बन कर रह गई हैं। इसके अलावा नगर के मुख्य बाजारों में वनवे योजना भी फीकी नजर आ रही है। यही नहीं, पहले से ही जाम की मार झेल रही नगर की सड़कों पर अब सीवर लाइन के कार्य ने रही सही कमी को भी पूरा कर दिया है। सड़कों पर जगह-जगह गड्ढे बने हुए हैं। जिनकी वजह से सड़कों पर आए दिन जाम की भयावह स्थिति उत्पन्न हो रही है। बुधवार को कचहरी रोड, अस्पताल रोड और अंसारी रोड पर वाहन चालक जाम से जूझते नजर आए। टीएसआई कुलवीर सिंह राणा ने बताया कि जाम खुलवाने के लिए हरसंभव कोशिशें की जा रही हैं। मुख्य बाजार या सड़कों पर जल्द ही यातायात को सुचारु कर दिया जाता है।