चार दिन के अवकाश के बाद खुले अस्पताल, उमड़े मरीज
बुलंदशहर। पिछले चार दिन के अवकाश के बाद बुधवार को खुले जिला अस्पताल में मरीजों की भीड़ उमड़ पड़ी। इसके चलते मरीजों को उपचार के लिए काफी इंतजार करना पड़ा। चिकित्सकों ने सभी मरीजों को उपचार के बाद दवाएं दीं।
पिछले काफी दिनों से मौसम में लगातार बदलाव के साथ ही बुखार आदि के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। वह लगातार जिला अस्पताल के अलावा निजी अस्पतालों में भी उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। नवरात्र और दशहरा होने के कारण पिछले चार दिन से अवकाश होने के कारण जिला अस्पताल की ओपीडी बंद रही। इसके चलते अधिकतर मरीजों को निजी चिकित्सकों से ही उपचार लेना पड़ा। जबकि बुधवार को अवकाश के बाद खुले जिला अस्पताल में मरीजों की संख्या में काफी इजाफा देखने को मिला। इस दौरान मरीजों और उनके तीमारदारों की पर्ची कटवाने और अपना उपचार करवाने के लिए चिकित्सकों के कक्ष के बाहर भीड़ लगी रही। मरीजों को चिकित्सक से मिलने के लिए काफी इंतजार भी करना पड़ा। सीएमओ डॉ. केएन तिवारी ने बताया कि बुधवार को अस्पताल में करीब 1500 लोगों ने उपचार कराया।