शुभारंभ होने के छह माह भी नहीं हुआ हैंडओवर रोडवेज बस अड्डा
बुलंदशहर। प्रदेश मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा नगर के बने रोडवेज अड्डे का छह माह पूर्व शुभारंभ किया गया था। जो अभी तक हैंडओवर नहीं हो सका है। वहीं, शुभारंभ के बाद भी नगर के रोडवेज अड्डे पर अव्यवस्थाओं का अंबार लगा हुआ है और कार्य अभी भी जारी है। नगरवासियों को रोडवेज अड्डे की सुविधाएं लेने के लिए अभी और इंतजार करना पड़ सकता है।
उप्र परिवहन निगम की नगर के यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए तीन वर्ष पूर्व सपा शासनाकाल में पुराने बस अड्डे का निर्माण कार्य शुरू किया गया था। बस अड्डे का निर्माण यूपी स्टेट कांस्ट्रक्शन इनफ्रास्ट्रक्चर डेवलेपमेंट कारपोरेशन लिमिटेड कार्यदायी संस्था द्वारा 684.07 लाख की लागत से किया जा रहा है। बस अड्डे का कार्य अभी पूर्ण भी नहीं हुआ और मार्च माह में आधे-अधूरे कार्य के बीच मुख्यमंत्री द्वारा बुलंदशहर समेत प्रदेश के 39 बस अड्डों का शुभारंभ कर दिया गया था। शुभारंभ के बाद भी बस अड्डे पर कार्य चल रहा है। इसमें अफसरों एवं कर्मचारियों के कार्यालय से लेकर पूछताछ केंद्र और टिकट खिड़की समेत कुछ कार्य शेष रह गए है। जिन्हें पूर्ण होने में अभी समय लग सकता है। वहीं, शुभारंभ होने के बाद भी रोडवेज अड्डे को उप्र परिवहन निगम को हैंडओवर भी नहीं किया गया है। डिपो के एआरएम धीरज सिंह पंवार ने बताया कि रोडवेज अड्डा अभी हैंडओवर नहीं हुआ है। फिलहाल रोडवेज अड्डे से बसों का संचालन शुरू करवा दिया गया हैं।