बीमारी का बहाना बना घर पर आराम कर रहे कर्मी, जांच के दिए निर्देश
बुलंदशहर। पावर कारपोरेशन में तैनात कर्मी अपना स्थानांतरण रुकवाने के लिए बीमारी का बहाना बनाकर घर पर आराम फरमा रहे हैं। फर्जी मेडिकल अवकाश पर कर्मियों द्वारा वेतन लेने की एक युवक ने शिकायत की है। शिकायत मिलने पर अफसरों ने मामले की जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।
बता दें कि गत माह पूर्व पावर कारपोरेशन में बड़े स्तर पर स्थानांतरण हुए। स्थानांतरण की सूची मिलने पर कर्मचारी अपना स्थानांतरण रुकवाने के प्रयास में जुट गए और अधिकांश ने बीमारी का बहाना बनाकर अवकाश ले लिया। जहांगीराबाद निवासी योगेश कुमार द्वारा अधीक्षण अभियंता को दिए गए शिकायती पत्र के अनुसार जहांगीराबाद कार्यालय में तैनात कर्मी ने अफसरों को गुमराह का अवकाश लिया। जबकि अवकाश के दौरान कोई भी मेडिकल पत्र या बीमारी की रिपोर्ट पेश नहीं की है। इसके अलावा जनपद में कई अन्य कर्मचारी भी बिना बीमारी के अवकाश लेकर घर पर आराम फरमा रहे हैं। जिसके कारण उपभोक्ताओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अधीक्षण अभियंता सुनील कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर अधिशासी अभियंता को जांच के निर्देश दे दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने पर लापरवाही बरतने वाले कर्मियों पर कार्रवाई की जाएगी।