खाते से निकाले 6.42 लाख रुपये, नहीं थम रही घटनाएं
बुलंदशहर। जनपद में साइबर क्राइम के मामले थमते नजर नहीं आ रहे हैं। अब शातिरों ने नगर निवासी दंपती के अलग-अलग खातों से करीब 6.42 लाख रुपये की नगदी निकाल ली। पीड़ित दंपति ने नगर कोतवाली में तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला देवीपुरा प्रथम निवासी जितेंद्र गिरी ने नगर कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उसका व उसकी पत्नी का नगर के एक बैंक में खाता है। दोनों के खाते में लाखों रुपये की नगदी जमा थी। पीड़ित ने बताया कि बीते दिनों उनके खाते से अज्ञात शातिरों ने धोखाधड़ी कर 6.42 लाख रुपये की नगदी निकाल ली। जानकारी होने पर पीड़ित दंपती ने बैंक में जाकर पूछताछ की, लेकिन शातिर का कोई सुराग नहीं लग सका। पीड़ित दंपती ने पुलिस से मामले में न्याय की गुहार लगाई है। नगर कोतवाल अरुणा राय ने बताया मामले में तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी को दबोच कर राजफाश कर दिया जाएगा।