विकास भवन में शराब पीकर घूमने वाला कर्मचारी सस्पेंड
बुलंदशहर। विकास भवन में शराब पीने वालों पर शिकंजा कसने के लिए अफसर सजग हो गए हैं। भवन के परिसर में शराब पीकर घूम रहे एक कर्मचारी को सस्पेंड कर दिया है। अधिकारी अमर उजाला में समाचार प्रकाशित होने के बाद हरकत में आए हैं। इस कार्रवाई से हड़कंप मचा हुआ है।
बता दें कि अमर उजाला ने बृहस्पतिवार को अपने अंक में विकास भवन बना मयखाना, पड़ी मिली शराब की बोतल शीर्षक से समाचार प्रकाशित किया था। अमर उजाला की पड़ताल में भवन के परिसर में कई जगह शराब की बोतल पड़ी मिली थी। यह समाचार प्रकाशित होते ही अफसर सजग हो गए और शराब पीने वालों पर कार्रवाई के लिए सख्ती बरती। बताया गया कि एक कर्मचारी भवन परिसर में शराब पीकर घूमता पाया गया। इसकी भनक लगते ही सीडीओ के आदेश पर विभागीय इस कर्मचारी को सस्पेंड कर दिया है। इस कार्रवाई के बाद विकास भवन में जहां हड़कंप मचा हुआ है। वहीं, दूसरी ओर अमर उजाला में प्रकाशित हुए समाचार और अफसरों द्वारा कर्मचारी पर की गई इस कार्रवाई की चर्चा भी जोरों पर है। चर्चा यह है जो कर्मचारी विकास भवन में शराब पीकर खाली बोतल इधर-उधर फेंक देते थे। उन्होंने भी अब शराब पीने के लिए अपना अलग ठिकाना तलाशना शुरू कर दिया है।
कोट...
विकास भवन को किसी भी सूरत में मयखाना नहीं बनने दिया जाएगा। शराब पीने वाले अफसर और कर्मचारियों पर नजर रखी जा रही है और पकडे़ जाने पर सख्त कार्रवाई होगी। साथ ही रात्रि को ड्यूटी देने वाले सुरक्षाकर्मियों को सख्त हिदायत दे दी गई है। - सुधीर कुमार रुंगटा, मुख्य विकास अधिकारी, बुलंदशहर।