बुलंदशहर में खुली व विदेशी सिगरेट बेच रहे दुकानों पर मारा छापा
बुलंदशहर। खुली सिगरेट, पत्ते वाला तंबाकू और विदेशी सिगरेट बेचने वाले दुकानों पर प्रशासनिक अमले ने अब छापेमारी शुरू कर दी है। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बुधवार को चार दुकानों पर छापा मारकर 24 हजार रुपये का जुर्माना वसूला, साथ ही आगे से प्रतिबंधित सामान न बेचने की चेतावनी भी दी है।
खाद्य एवं सुरक्षा विभाग के डीओ डा. गौरीशंकर के नेतृत्व में टीम ने बुधवार को नगर की विभिन्न दुकानों पर छापामार कर कार्रवाई की। कई स्थानों को चेक करने के बाद चार दुकानों पर कार्रवाई की। बताया कि कोटपा अधिनियम 2003 के अंतर्गत चार दुकानों से 24 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया है। बताया कि मालवीय मार्ग स्थित मै. लक्षमण दास से अधिनियम की धारा 5 के अंतर्गत 2 हजार रुपये, सेठो वाली गली स्थित मै. बालाजी एंटरप्राइजेज से धारा 7 के अंतर्गत 1 हजार रुपये, चौक बाजार में सुभाष चंद्र से एक हजार रुपये, पुरानी सब्जी मंडी स्थित रवि कुमार से धारा 7 के अंतर्गत 20 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। डीओ ने बताया कि डीएम के निर्देशानुसार यह छापेमारी की गई। पहले ही दुकानदारों को चेतावनी दी जा चुकी है। छापेमारी अभी जारी रहेगी। इस अवसर पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद कुमार तथा संदीप कुमार त्रिपाठी भी मौजूद रहे।