तीन दिन से लापता थाना क्षेत्र के एक स्कूल में तैनात चपरासी का शव सोमवार सुबह टुकड़ों में अलग-अलग स्थानों पर पड़ा हुआ मिला। वृद्ध का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी मच गई। पुलिस ने मृतक के बड़े बेटे की तहरीर पर आरोपी मां बेटे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर हिरासत में ले लिया है। बडे़ बेटे का आरोप है कि उसकी मां और छोटे भाई ने ही मृतक आश्रित कोटे में सरकारी नौकरी के लिए यह हत्या कर दी है। पुलिस ने बड़े बेटे की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर छोटे बेटे और चपरासी की पत्नी को हिरासत में ले लिया है।
थाना क्षेत्र के गांव अहमदानगर निवासी तेजराम उर्फ तेजा प्रजापति (59) अगौता थाना क्षेत्र के गांवी सीही स्थित इंटर कालेज में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर तैनात थे। बताया गया कि करीब चार माह बाद तेजराम प्रजापति सेवानिवृत्त होने वाले थे। करीब दो-तीन दिन पूर्व तेजराम संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए थे। परिजन उनकी खोजबीन में जुटे हुए थे। लेकिन, उनका कहीं कोई सुराग नहीं लग पा रहा था।
वहीं, सोमवार सुबह करीब छह बजे कुछ ग्रामीणों ने तेजराम के शरीर का एक हिस्सा गांव के ही एक स्कूल के पास पड़ा हुआ देखा। उसके एक हाथ में कड़ा और अंगूठी से उसकी शिनाख्त की गई। शव का दूसरा हिस्सा कुछ ही दूरी पर गन्ने के खेत में और तीसरा हिस्सा कूड़ी के ढेर से बरामद हुआ।
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस थाना पुलिस ने शव के हिस्सों को कब्जे में ले लिया और जांच पड़ताल शुरू कर दी गई। इस दौरान फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए। जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मृतक के बड़े पुत्र जगवीर ने पुलिस को बताया कि उसकी मां की पिता से अनबन रहती थी। जिसके चलते तेजराम ने वसीयत आदि से भी अपनी पत्नी को अलग रखा था। चपरासी के बड़े बेटे का आरोप है कि इसके चलते उसकी मां मेमवती ने अपने छोटे पुत्र कपिल को पिता के स्थान पर नौकरी का लालच दिया था।
आरोप है कि छोटे बेटे और पत्नी ने ही चपरासी की हत्या के बाद शव के टुकड़े कर फेंका है। पुलिस ने मामले में दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। साथ ही दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
वृद्ध की हत्या के मामले में उसके बड़े पुत्र जगवीर की तहरीर पर मृतक की पत्नी और एक पुत्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। साथ ही दोनों नामजद को हिरासत में ले लिया गया है। जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा-
संतोष कुमार सिंह, एसएसपी