उधारी के 4.45 लाख रुपये वापस मांगने पर हत्या की धमकी
बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति को अपने परिचित को उधार दी गई लाखों रुपये की रकम वापस मांगना महंगा पड़ गया। आरोपी परिचित ने पीड़ित को रुपये वापस मांगने पर अब हत्या की धमकी दी है। साथ ही पीड़ित के साथ जमकर अभद्रता भी की। पीड़ित की शिकायत पर नगर कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला आवास-विकास प्रथम निवासी ज्वाला प्रसाद गर्ग पुत्र स्व. चिरंजीलाल ने नगर कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि मूलरूप से नई मंडी चौकी क्षेत्र के गांव कलौली निवासी हारून पुत्र अखलाक, जो अब सिविल लाइन कोठियात में रहता है, ने 26 अगस्त 2018 को उससे दो माह के लिए 4.45 लाख रुपये उधार लिए थे। हारून ने उसको अपने एक्सिस बैंक शाखा के दो चेक दे दिए। आरोप है कि दो माह बीतने के बाद भी पीड़ित को रुपये वापस नहीं किए गए। इस पर पीड़ित ने हारून से रुपयों का तकादा किया तो उसने जल्द ही रुपये लौटाने का आश्वासन दिया। काफी इंतजार करने के बाद जब रुपये नहीं मिले तो पीड़ित ज्वाला प्रसाद ने चेकों के बारे में बैंक जाकर जानकारी जुटाई तो पता चला कि जिस खाते के चेक दिए गए हैं, वह खाता वर्ष 2017 में ही बंद हो चुका है। इस पर पीड़ित ने हारून से अपने रुपये वापस मांगे तो हारून और उसके पुत्र सरजिल एवं जैद उर्फ छोटू ने तकादा करने पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। नगर पुलिस ने आरोपी हारून और उसके दोनों पुत्र सरजिल एवं जैद उर्फ छोटू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। नगर कोतवाल अरुणा राय ने बताया कि मामले में जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।