25 हजारी इनामी शफीक पुलिस की गोली से घायल
बुलंदशहर। नगर कोतवाली पुलिस व स्वाट टीम के साथ बृहस्पतिवार देर रात बदमाशों की मुठभेड़ हुई, जिसमें एक बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया। जबकि, उसके अन्य साथी मौके से पुलिस को चकमा देकर भाग निकले। पकड़े गए घायल बदमाश को जिला अस्पताल मेें भर्ती कराया गया है।
नगर कोतवाल अरुणा राय ने बताया कि बृहस्पतिवार देर रात वह स्वाट टीम प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार व टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहीं थी। इस दौरान उन्हें सूचना मिली कि अगौता-बीबीनगर रोड पर कुछ बदमाश किसी वारदात को अंजाम देने के उद्देश्य से घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस व स्वाट टीम ने अगौता-बीबीनगर रोड स्थित ततारपुर तिराहे पर चेकिंग अभियान शुरू कर दिया। इस दौरान पुलिस ने पैदल की कुछ लोगों को आते हुए देखा। पुलिस ने जब टॉर्च की रोशनी मारकर आरोपियों को रुकने का इशारा किया तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। बदमाशों के फायरिंग करने पर पुलिस टीम भी एक्शन मोड में आई और जवाबी फायरिंग शुरू कर दी। जिसमें एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। जिसकी शिनाख्त शफीक पुत्र नफीस निवासी गांव खरदौनी थाना इंचौली जनपद मेरठ के रूप में हुई। आरोपी के अन्य साथी भाग निकले। नगर कोतवाल ने बताया कि आरोपी के पास से अवैध हथियार बरामद किए हैं। आरोपी सीतापुर जनपद में बीते दिनों हुई एक लूट-डकैती की वारदात में फरार चल रहा था। सीतापुर पुलिस ने उस पर 25 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की हुई थी।