अब परिवहन निगम की बसों में नहीं दिखेगी पानी की बोतल
बुलंदशहर। परिवहन निगम की बसों में यदि आप सफर करना चाहते है तो अपने साथ पानी की बोतल अवश्य लेकर आए, क्योंकि निगम द्वारा बस स्टैंड और बसों में प्लास्टिक की बोतल का प्रयोग पर प्रतिबंध लगा दिया है। साथ ही पॉलिथीन, प्लास्टिक एवं थर्माकोल क्रॉकरी पर भी प्रतिबंध लगाया है। इसका प्रयोग करने पर जुर्माना वसूला जाएगा।
रोडवेज कार्यालयों, बस स्टैंड व निगम के अधिकृत प्लाजा में पॉलिथीन, प्लास्टिक एवं थर्माकोल से बनी क्रॉकरी का प्रयोग किया जा रहा था। लेकिन शासन द्वारा सभी की बिक्री और प्रयोग करने पर प्रतिबंध लगाए जाने पर निगम द्वारा भी प्रतिबंध लगाने के लिए आदेश जारी कर दिए है। साथ ही प्रयोग करते पाए जाने पर संबंधित से जुर्माना वसूलने के लिए भी निर्देश दिए हैं। वहीं, प्लास्टिक कूड़ा फैलाने पर भी संबंधित व्यक्ति पर जुर्माना लगाने के भी निर्देश दिए हैं। वहीं, निगम द्वारा पॉलिथीन, प्लास्टिक एवं थर्माकोल से बनी क्रॉकरी का प्रयोग न करने के लिए लोगों को जागरूक भी किया जाएगा। मुख्यालय द्वारा जारी निर्देशानुसार 15 सितंबर से प्रतिबंध का आदेश लागू होगा। आरएम एके सिंह ने बताया कि सभी डिपो को निर्देश से अवगत कराया जा रहा है। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। साथ ही विभाग और कार्यालय में प्रयोग करते मिलने पर संबंधित से जुर्माना वसूलने के साथ नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जाएगी।