एडीएम एफ और सीएमओ समेत कई अफसरों को नोटिस
बुलंदशहर। डीएम रविंद्र कुमार ने शासन के निर्धारित विकास प्राथमिकता कार्यक्रमों की समीक्षा की। इसमें करीब एडीएम वित्त एवं राजस्व और सीएमओ समेत एक दर्जन अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा व कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए प्रतिकूल प्रवष्टि देने की चेतावनी दी है। वहीं, पोषण मुक्त कार्यक्रम में नोडल अधिकारियों द्वारा रुचि न लेने पर चेतावनी दी है।
शुक्रवार शाम कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में डीएम रविंद्र कुमार ने कहा कि कार्यों में शिथिलता किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी कार्य करने की आदत डालें। किसी भी प्रकार का बहाना नहीं चलेगा। इस दौरान विभिन्न पेंशन योजनाओं में आधार लिंकेज कार्य, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, पति की मौत उपरांत अनुदान योजनाओं में प्रगति धीमी होने पर तथा महिला हेल्पलाइन का सही से फॉलोअप न होने पर जिला समाज कल्याण अधिकारी को एक सप्ताह का समय देते हुए प्रगति लाने के निर्देश दिए। बेसिक शिक्षा कार्यों की समीक्षा करने व कार्यों में रुचि न लेने पर एक सप्ताह में सुधार लाने की चेतावनी दी। कृषि विभाग द्वारा रसायनों के मिलने के संबंध में कार्रवाई से असंतुष्ट, वर्मी कंपोस्ट, जल शक्ति अभियान में अपेक्षित प्रगति न लाने पर उप कृषि निदेशक के स्पष्टीकरण के निर्देश दिए हैं। बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग द्वारा चलाए जा रहे पोषण मिशन कार्यक्रम के अंतर्गत पोषण मुक्त करने के लिए नामित अधिकारियों द्वारा रुचि न लेने पर नाराजगी जताई और एक सप्ताह में सुधार लाने की चेतावनी दी है। उद्योग विभाग द्वारा एमओयू के संबंध में उपायुक्त उद्योग ने बताया कि 10 में से 4 कार्य पूरे हो चुके हैं। वहीं, चार में कार्य चल रहा है। स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं में अपेक्षित प्रगति न होने पर सीएमओ को कारण बताओ नोटिस जारी किया। नलकूप एक्सइएन को स्पष्टीकरण के निर्देश दिए हैं। खनन विभाग द्वारा अपेक्षित कार्य न करने पर खनन निरीक्षक तथा प्रभारी अधिकारी खनन एडीएम वित्त एवं राजस्व मनोज कुमार सिंघल को एक सप्ताह में सुधार लाने की चेतावनी देते हुए स्पष्टीकरण मांगा है। डीआइओएस व संबंधित कार्यदायी संस्था को स्पष्टीकरण का आदेश दिया। जिला कारागार में बैरकों के निर्माण की समीक्षा में संबंधित कार्यदायी संस्था द्वारा वांछित प्रगति न लाने पर व कारागार के किसी भी अधिकारी के बैठक में न आने पर स्पष्टीकरण मांगा है। स्याना और बुलंदशहर में बनाए जाने वाले अगिभनशमन क्रेंदों की धीमी गति पर नाराजगी जताई। इसके अलावा र्कई विभाग के अधिकारियों से स्पष्टीकरण की मांग की है, और शिथिलता बरतने पर प्रतिकूल प्रवृष्टि प्रस्तावित करने की चेतावनी दी है। वहीं, एडीएम प्रशासन रवींद्र कुमार से कहा कि सभी एसडीएम के माध्यम से ससभी पीएचसी तथा सीएचसी का निरीक्षण कर विस्तृत आख्या उपलब्ध कराएं। इस दौरान सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।