किसान सम्मान निधि से बाहर हुए 1.11 लाख अपात्र किसान
बुलंदशहर। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का पात्र किसानों को लाभ देने का काम जारी है। अब तक इस योजना से 1.11 लाख अपात्र किसान बाहर हो चुके हैं। जबकि 3.23 लाख किसान पात्र हो गए हैं। इनमें से 2.40 लाख को योजना का लाभ मिल चुका है। अब सिर्फ लगभग 20 हजार किसान ही योजना में शामिल होने के लिए रह गए हैं।
बता दें कि केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का संचालन कर किसानों को हर वर्ष छह हजार रुपये देने का निर्णय लिया है। यह राशि पात्र किसानों को साल में तीन किस्तों में दो-दो हजार रुपये के तौर पर दी जानी है। जनपद में इस योजना का जनपद में संचालन करने की जिम्मेदारी कृषि विभाग को दी गई है। विभाग में इस योजना के तहत जनपद के 4 लाख 34 हजार 234 किसानों ने कृषि विभाग में रजिस्ट्रेशन करवाकर आवेदन किए। इनमें से 3 लाख 23 हजार 30 किसान पात्र हो गए हैं। जबकि 1 लाख 11 हजार 204 किसान अपात्र पाए गए हैं। जो किसान पात्र हैं, उनमें से 1.84 लाख किसानों को योजना की दो-दो किस्त प्राप्त हो गई। जबकि 54184 किसानों को योजना की एक किस्त प्राप्त हुई है। विभागीय अधिकारियों ने दावा किया कि अब योजना से लगभग 20 हजार पात्र किसान ही ऐसे बचे हैं, जिन्हें लाभ नहीं मिला है। ऐसे किसानों ने अपनी न तो रजिस्ट्रेशन किया है और न ही आवेदन भरा है। ऐसे किसान जल्द से जल्द अपना रजिस्ट्रेशन करने के साथ आवेदन कर योजना का लाभ उठा सकते हैं।
जनपद में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ पात्र किसानों को देने का काम जारी है। जो पात्र किसान इस योजना से वंचित रह गए हैं, वह जल्द से जल्द योजना में शामिल होकर इसका लाभ उठाएं। - आरपी चौधरी, उप कृषि निदेशक, बुलंदशहर।