स्याना बवाल के पांच और आरोपी जल्द होंगे रिहा
बुलंदशहर। स्याना बवाल के पांच और आरोपी जल्द ही जेल से बाहर आ जाएंगे। हाईकोट से जमानत मिलने के बाद आरोपियों के रिहाई के आदेश जिला कारागार पहुंच गए हैं। बता दें कि प्रकरण में अब तक सात आरोपी जमानत पर जेल से बाहर आ चुके हैं और पांच की रिहाई होने पर कुल 12 आरोपी रिहा हो जाएंगे।
गौरतलब है कि स्याना हिंसा के बाद पुलिस ने कुल 27 नामजद और 50-60 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज किया था। मामले में संलिप्त सभी आरोपियों पर बीते दिनों राजद्रोह की धारा भी लगी थी। हाईकोर्ट से जमानत मिलने के के बाद शनिवार को आरोपी जीतू फौजी, शिखर अग्रवाल, हेमू गुर्जर, उपेंद्र राघव, राजकुमार, सचिन और सौरभ जमानत पर रिहा हो गए थे। मामले में हिंदू संगठनों के लोगों ने कुछ आरोपियों का स्वागत भी किया था। वहीं, अब हिंसा के आरोपी सचिन उर्फ कोबरा, विनीत, राजीव, टिंकू और गुड्डू के रिहाई के आदेश भी जिला कारागार में पहुंच गए हैं। जेल अधीक्षक ओपी कटियार ने बताया कि जमानत के आदेश जिला कारगार पहुंच गए हैं। कागजी कार्रवाई पूरी कर इन आरोपियों को रिहा कर दिया जाएगा।