बैनामे का झांसा देकर शातिरों ने हड़पे छह लाख रुपये
बुलंदशहर। खुर्जा नगर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी व्यक्ति से जमीन का बैनामा कराने का झांसा देकर शातिरों ने छह लाख रुपये हड़प लिए। जमीन का बैनामा न होने पर पीड़ित ने रुपये वापस मांगे तो उसे चेक दे दिए, जो बाउंस हो गए। इसके बाद पीड़ित को जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़ित ने कोतवाली देहात में तीन आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। वहीं, अब पीड़ित ने मामले में एसएसपी से न्याय की गुहार लगाई है।
खुर्जा के न्यू शिवपुरी क्षेत्र निवासी पीड़ित देवेंद्र सिंह पुत्र स्व. महेंद्र सिंह ने एसएसपी को भेजे पत्र में बताया कि दो अक्तूबर 2010 को उसने कलुआ पुत्र काले खां निवासी गांव लखावटी मिर्जापुर थाना खुर्जा देहात, खिलाफत उर्फ खिलाफली पुत्र काले खां निवासी से उनकी जमीन का सौदा किया था। तीन लाख रुपये देकर इकरारनामा कराया गया, जिसमें बैनामा कराने के लिए छह माह की अग्रिम तिथि रखी गई। आरोपियों ने बैनामे का झांसा देकर करीब छह लाख रुपये ले लिए लेकिन बैनामा नहीं किया। इसको लेकर दोनों पक्षों की समझौता वार्ता कोतवाली देहात में हुई, जिसमें विपक्षी पक्ष ने 2.30 लाख रुपये के दो चेक दिए लेकिन खाते में रुपये न होने के कारण चेक बाउंस हो गए। जब उन्होंने आरोपी पक्ष को ये बात बताई तो उसने जान से मारने की धमकी देते हुए रुपये देने से इंकार कर दिया। तत्कालीन कोतवाली देहात प्रभारी ने नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी थी। मामले को एक माह से अधिक का समय बीत चुका है लेकिन अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पीड़ित ने एसएसपी को पत्र भेजकर निष्पक्ष जांच व उचित कार्रवाई की मांग की है।