विकास कार्य न होने पर प्रधान के खिलाफ प्रदर्शन
बुलंदशहर। गांव में विकास न होने से नारकीय जीवन जीने को पहासू खंड केे लोग मजबूर हैं। डीएम कार्यालय पर ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान के खिलाफ प्रदर्शन किया। वहीं, आरोप है कि प्रधान राशन कार्ड बनवाने के भी पैसे मांगता है।
सोमवार को पहासू खंड के गांव मयावाद के ग्रामीण डीएम कार्यालय पहुंचे और वहां पर प्रधान के खिलाफ प्रदर्शन किया। उनके साथ आए जिला पंचायत सदस्य हरपाल सिंह लोधी ने बताया कि गांव में प्रधान की अनदेखी से शौचालय निर्माण अभी तक अधूरा है। गांव में कोई भी विकास नहीं हुआ है। गांव का मुख्य मार्ग बारिश और कीचड़ के कारण दलदली बन गया है, जिससे लोगों को निकलने में बहुत परेशानी होती है। आरोप लगाया कि राशन कार्ड बनवाने के नाम पर प्रधान गांव वालों से 1000 व 2000 रुपये तक मांगता है। इस अवसर पर ओमवती, मुदसरी, आशा देवी, रूपाली, घनश्याम, नन्हु सिंह, इंद्रपाल, राजू आदि ग्रामीण मौजूद रहे।