बुलंदशहर। गुलावठी के ग्राम ऐंचाना में मंगलवार को पिता द्वारा पुत्री की हत्या के बाद रोते-बिलखते ?
- फोटो : BULANDSHAHR
पिता ने मासूम बेटी का गला घोंटकर मार डाला
गुलावठी। थाना क्षेत्र के गांव ऐंचाना में एक व्यक्ति ने अपनी ही 9 वर्षीय बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी। हत्यारोपी पत्नी के मायके जाने को लेकर नाराज चल रहा था। मृतका गांव के ही प्राथमिक विद्यालय में तीसरी कक्षा की छात्रा थी। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
मृतका के ताऊ सूरज ने थाने में तहरीर देकर अपने भाई जयकरण सिंह को नामजद करते हुए दीपिका की हत्या का मामला दर्ज कराया है। सूरज ने बताया कि जयकरण की पत्नी मंजू बीते कुछ दिनों से अपने मायके में रह रही थी। जिसे जयकरण बार-बार घर बुला रहा था। सोमवार रात को मंजू के मायके फोन कर उसने धमकी दी थी कि यदि वह वापस नहीं आई तो वह अपनी पुत्री को मार देगा। पत्नी के न लौटने पर आरोपी ने देर रात में ही दीपिका की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण व अन्य परिजन एकत्रित हो गए। मृतका दीपिका की मां, भाई एवं अन्य परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने हत्या की धारा में मामला दर्ज कर बालिका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। मृतका दीपिका के तीन भाई एवं एक बहन हैं। आरोपी टिम्बर मार्केट में मजदूरी करता है।
मृतका के ताऊ की तहरीर पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है। फोरेंसिक जांच भी कराई गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों ने बताया है कि आरोपी पत्नी के मायके जाने से नाराज था।
- दीक्षित कुमार त्यागी, थाना प्रभारी गुलावठी