जिला पंचायत उप चुनाव में 12 में से छह दावेदारों ने किया नामांकन, जांच में पाए गए सही
बुलंदशहर। जिला पंचायत अध्यक्ष पद के होने वाले उपचुनाव के नामांकन में 12 में से सिर्फ छह दावेदारों ने ही नामांकन किया। बाकी के छह दावेदार अपना पर्चा भरने के लिए नहीं आए। डीएम कोर्र्ट में दो पूर्व अध्यक्ष समेत छह सदस्यों ने नामांकन भरा। नामांकन के बाद सभी नामांकन पत्रों की जांच की गई, जिसमें सभी छह के छह सही पाए गए। इस दौरान कलक्ट्रेट की सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रही।
बता दे कि 17 जुलाई से जिला पंचायत के उप चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए नामांकन फार्म मिलने शुरू हुए थे। जिसमें महेंद्र भैया, रश्मि चौधरी, रेनू चौधरी, दिनेश, प्रदीप चौधरी, धर्म सिंह, सुरेंद्र सिंह, टीटू, शशांक भाटी, आशा यादव, हरेंद्र यादव और ओमवीर सिंह समेत 12 लोगों ने फार्म खरीदे थे। बता दें कि अविश्वास प्रस्ताव के बाद प्रदीप चौधरी को अध्यक्ष पद छोड़ना पड़ा था। फरवरी से ही जिला पंचायत अध्यक्ष का पद रिक्त चल रहा था। इसके बाद जिलाधिकारी ही इस पद को संभाल रहे थे। सोमवार को जिला पंचायत अध्यक्ष पद के उप चुनाव के लिए पूर्व अध्यक्ष आशा यादव, पूर्व अध्यक्ष हरेंद्र यादव, जिपं सदस्य महेंद्र भैया, सदस्य ओमवीर सिंह, सदस्य धर्मवीर सिंह पोल और रेनू चौधरी ने अपना नामांकन दाखिल किया। डीएम कोर्ट में सुबह 11 बजे से 3 बजे तक नामांकन पत्र जमा किए गए। 3 बजे के बाद नामांकन पत्रों की जांच शुरू हुई। जांच में सभी नामांकन पत्र सही पाए गए। अब 25 जुलाई को नाम वापसी होगी और 29 जुलाई को मतदान होगा। नाम वापसी के बाद स्थिति स्पष्ट हो पाएगी कि कौन प्रत्याशी मैदान में रहेगा और कौन मैदान छोड़ेगा। उधर, कलक्ट्रेट में पुलिस प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद दिखाई दी। पुलिस ने दोनों गेट बंद कर दिए और किसी भी वाहन को 3 बजे तक कलक्ट्रेट के अंदर नही जाने दिया गया। बहरहाल छह दावेदारों के अभी तक मैदान में होने से मुकाबला काफी रोचक होने वाला है।
-----------
इन्होंने जमा किए नामांकन पत्र
हरेंद्र यादव वार्ड 21 एक पत्र
आशा यादव वार्ड 12 एक पत्र
महेंद्र भैया वार्ड 24 दो पत्र
धर्म सिंह वार्ड 17 एक पत्र
रेनू चौधरी वार्ड 09 एक पत्र
ओमवीर सिंह वार्ड 36 एक पत्र
सभी छहों नामांकन पत्रों की जांच की जा चुकी है। सभी पत्र जांच में सही पाए गए हैं। नाम वापसी 25 जुलाई को होगी। 29 को मतदान कराया जाएगा। - रवीद्र कुमार, एडीएम प्रशासन/उप जिला निर्वाचन अधिकारी