बीसा कॉलोनी और खुर्जा में खाद्य विभाग का छापा
बुलंदशहर। खाद्य विभाग की टीम ने नगर केे बीसा कॉलोनी स्थित एक बेकरी और खुर्जा के दूध वेंडरों पर छापेमारी की। बेकरी से रिफाइंड, टोस्ट व रस्क के सैंपल लिए गए। साथ ही खुर्जा के वेंडर से दूध का सैंपल भरा गया। इस दौरान टीम ने बिना लाइसेंस अवैध रूप से संचालित एक बेकरी को बंद करने का नोटिस दिया है।
मिलावट खोरी पर लगाम कसने केे लिए शासन के तेवर सख्त हैं। इसको लेकर प्रदेश केे हर जनपद में छापेमारी करने के आदेश दिए हैं। शनिवार को खाद्य विभाग की टीम ने नगर केे बीसा कॉलोनी स्थित एक बेकरी में छापे मारे। डीओ गौरी शंकर ने बताया कि बीसा कॉलोनी में एक बेकरी की काफी समय से शिकायत आ रही थी। शनिवार को टीम के साथ वहां छापेमारी की। वहां पर गंदगी का अंबार लगा हुआ था। लाइसेंस व अन्य कागज मांगने पर वह आनाकानी करने लगा। बेकरी से रस्क, टोस्ट और रिफाइंड केे एक-एक सैंपल लिए गए। साथ ही बेकरी को तुरंत बंद करने के लिए नोटिस जारी कर दिया गया है। बताया कि रस्क और टोस्ट ऐसे ही खुले में रखे हुए थे, जिन पर असंख्य मक्खियां मंडरा रही थी। जोकि स्वास्थ्य के काफी हानिकारक है। इसकेे बाद टीम खुर्जा पहुंची और दूध वेंडर के केन से दूध का सैंपल लिया गया। बताया कि दूध वेंडर की कई लोगों ने शिकायत की थी, जिस पर आज कार्रवाई की गई है। सभी सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।
डा. हितेश कौशिक ने बताया कि मिलावटी खाद्य पदार्थ खाने से पेट खराब होता है, लीवर संबंधित रोग होने शुरू हो जाते हैं। लगातार मिलावटी खाद्य पदार्थ के सेवन से लीवर तक खराब हो जाता है। पाचन शक्ति समाप्त हो जाती है। उल्टी, कब्ज व हैजा जैसी बड़ी बीमारियां होती हैं।