आज और मिलेगा छात्रों को प्रवेश का मौका
बुलंदशहर। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय की ओर से यूजी की बीए, बीएससी और बीकॉम आदि प्रथम वर्ष की कक्षाओं में प्रवेश की प्रक्रिया बृहस्पतिवार को भी जारी रही। ओपन मेरिट से चल रहे प्रवेश की प्रक्रिया शुक्रवार को संपन्न हो जाएगी। इसके बाद प्रवेश की प्रक्रिया भी पूरी हो जाएगी।
बता दें कि यूजी प्रथम वर्ष की कक्षाओं में प्रवेश के लिए विवि की ओर से दो कटऑफ जारी की गई थी। इसके बाद विवि ने कॉलेजों को ओपन मेरिट जारी कर प्रवेश करने के आदेश जारी किए गए। इसके बाद कॉलेजों ने पहली ओपन मेरिट जारी की और उसके बाद दूसरी ओपन मेरिट जारी कर प्रवेश की प्रक्रिया को जारी रखा। दूसरी मेरिट में शामिल छात्र-छात्राओं ने बृहस्पतिवार को भी कॉलेजों में पहुंचकर प्रवेश की प्रक्रिया पूरी की। गौरी शंकर कन्या महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. अंशु बंसल ने बताया कि दूसरी ओपन मेरिट में शामिल छात्र-छात्राओं को शुक्रवार तक प्रवेश का मौका मिलेगा। अब लगभग सभी कॉलेजों में सीट फुल हो चुकी हैं। साथ ही अब प्रवेश की प्रक्रिया भी संपन्न हो जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि जिन कॉलेजों में सीट फुल हो गई हैं। उन्होंने कक्षाओं का संचालन शुरू कर दिया है और अधिकतर कॉलेज कक्षाओं का संचालन करने की तैयारी में जुट गए हैं।