कांवड़ यात्रा के दौरान बंद होंगी मदिरा और मीट की दुकानें
बुलंदशहर। कांवड़ यात्रा नजदीक आते ही कांवड़ मेले की तैयारियां भी शुरू हो गई हैं। जनपद भर में कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन ने भी अपनी कमर कस ली है। मंगलवार को कमिश्नर अनीता सी मेश्राम और आईजी आलोक कुमार ने बीडीए सभागार में आयोजित बैठक में अधिकारियों को कांवड़ यात्रा के दौरान सफाई व सुरक्षा से संबंधित दिशा निर्देश दिए। साथ ही कहा कि कांवड़ यात्रा मार्ग में शराब, मीट मांस, पान, अंडा आदि की दुकानों को बंद रखा जाएगा।
बता दें कि बैठक में मंडलायुक्त ने कहा कि कांवड़ मेला को सभी अधिकारी आपसी सामंजस्य बनाते हुए एक दूसरे के सहयोग से संपन्न कराएं। जिन विभागों के अधिकारियों को कार्य सौंपा गया है, वह उस कार्य को जल्द से जल्द कराएं। साथ ही लोनिवि अधिकारियों को कांवड़ मार्ग पर हो रहे गड्ढों को भरने और झाड़ियों को हटाने के निर्देश दिए। डीपीआरओ को ग्रामीण क्षेत्रों में कांवड़ मार्गों पर सफाई कर्मचारी की तैनाती के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि कांवड़ियों के लिए गंगा घाटों व मंदिरों पर बैरिकेडिंग की व्यवस्था कराई जाए। कमिशभनर ने जनपद मुख्यालय पर एक नियंत्रण कक्ष स्थापित करने व वहां अधिकारियों की ड्यूटी लगाने और 24 घंटे क्रियाशील रहने के निर्देश दिए। साथ ही कांवड़ मेला में प्रकाश व्यवस्था और मंदिरों के आस-पास से जर्जर तारों की मरम्मत व बदलने के आदेश दिए। इस दौरान आईजी मेरठ रेंज आलोक कुमार ने कहा कि कांवड़ मेला के दौरान यदि कोई भी दुर्घटना होती है तो उसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। उन्होंने कांवड़ यात्रियों के लिए सड़कों के किनारे लगाए जाने वाले शिविर सड़क से निर्धारित दूरी पर लगाने को कहा है। वहीं, डीएम रविंद्र कुमार ने कहा कि कांवड मार्ग में आने वाले गूलर एवं भांग के पौधों को हटाया जाये। कांवड मार्गो में चिकित्सा कैम्प, एम्बुलेंस एवं मोबाइल एंबुलेंस की भी पर्याप्त व्यवस्था की बात कही है। इस दौरान एसएसपी एन कोलांचि समेत सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बंद होंगी मदिरा और मीट की दुकानें
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि मार्ग में पड़ने वाली मांस-मीट की दुकानों को पूरी तरह से बंद कराया जाएगा। कांवड मेले के दौरान मार्गो में पड़ने वाले पान के ठेले, दुकानों को बन्द कराया जाएगा। शराब, नशीली वस्तुओं की बिक्त्रस्ी न होने देने की बात भी डीएम ने कही। साथ ही कहा कि जिन ढाबों पर शराब बिक्री की सूचना मिले उन्हें तुरंत सील कर दिया जाए।