पहले छेड़छाड़ में दर्ज हुआ मुकदमा, अब सामूहिक दुष्कर्म का आरोप
बीबीनगर। कस्बा क्षेत्र निवासी छात्रा के परिजनों ने पुलिस पर सामूहिक दुष्कर्म मामले में छेड़छाड़ करने की रिपोर्ट दर्ज करने का आरोप लगाया है। छात्रा के परिजनों का आरोप है कि आरोपियों ने उनकी बेटी के साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया, लेकिन पुलिस ने मामला सिर्फ छेड़छाड़ की धाराओं में दर्ज कर लिया। छात्रा के परिजनों ने जिला पंचायत अध्यक्ष से मामले की शिकायती कर न्याय की गुहार लगाई है।
थाना पुलिस ने शुक्रवार देर रात नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया है। पीड़िता की मां ने तहरीर देकर बताया कि उनकी बेटी को बीते दो दिसंबर को कस्बा निवासी एक किशोर अपने साथ बहला फुसलाकर एक अज्ञात स्थान पर ले गया। जहां, आरोपी के तीन अन्य साथी भी पहुंच गए। चारों नामजद आरोपियों ने उसकी बेटी के साथ अभद्रता करते हुए छेड़छाड़ कर उसकी वीडियो बनाने की कोशिश की। शोर शराबा होने पर आरोपी मौके से हत्या की धमकी देकर भाग निकले। थाना पुलिस ने मामले में छेड़छाड़ की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली। वहीं, शनिवार को छात्रा के परिजनों ने जिला पंचायत अध्यक्ष को शिकायती पत्र देकर बताया कि उनकी बेटी के साथ आरोपियों ने सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया है। लेकिन, पुलिस ने मामले को छेड़छाड़ की धाराओं में दर्ज कर लिया है। वहीं, थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में जो तहरीर दी गई थी, उसके आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की है। जांच की जा रही है, जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर अग्रिम कार्रवाई अमल में लाई जाएगी - सुरेंद्रनाथ तिवारी, एसपी सिटी