हर्ष फायरिंग के मामले में दो के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र में हर्ष फायरिंग के मामले में दो भाइयों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। आरोप है कि दो वायरल वीडियो क्लिप में दोनों आरोपी राइफल और रिवाल्वर से हर्ष फायरिंग करते हुए नजर आ रहे हैं। नगर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
नगर कोतवाली में आवास-विकास चौकी प्रभारी परवेज चौधरी ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 29 नवंबर को थाने से प्राप्त प्रार्थना पत्र के साथ एक पेन ड्राइव में दो वीडियो क्लिप की जांच की गई। जांच में पता चला कि दो लोगों द्वारा उतावलेपन से मानव जीवन को संकट उत्पन्न करते हुए राइफल व रिवाल्वर से हर्ष फायरिंग की जा रही है। दोनों आरोपियों की पहचान रोहित राठी और मोहित राठी निवासी डीएम कालोनी कोतवाली नगर के रूप में हुई है। नगर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। नगर कोतवाल ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।