अनुपस्थित मिले डॉक्टर, फार्मासिस्टों का वेतन रोका
बुलंदशहर। देहात क्षेत्रों में सरकारी चिकित्सालयों में चिकित्सक और कर्मियों के न मिलने की शिकायत पर सीएमओ द्वारा पिछले दिनों सात सरकारी चिकित्सालयों का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान तीन चिकित्सक और दो फार्मासिस्ट समेत आठ कर्मी अनुपस्थित मिले। जिस पर नाराजगी जताते हुए सीएमओ ने अनुपस्थित चिकित्सक व कर्मियों का वेतन रोकने का निर्देश जारी कर दिया है। साथ ही संबंधित से अनुपस्थित रहने का स्पष्टीकरण मांगा है। इसके अलावा संबंधित केंद्र प्रभारियों को साफ-सफाई के अलावा और सुधार करने के निर्देश दिए हैं।
सीएमओ डॉ. विनय कुमार सिंह ने बताया कि 28 अक्तूबर को शिकारपुर स्वस्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान दो चिकित्सक और क्षय रोग विभाग का एक कर्मी बिना कारण अनुपस्थित रहे। 29 अक्तूबर को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धमैड़ा कीरत, लुहारली व पवसरा का निरीक्षण किया। इस दौरान धमैड़ा कीरत और लुहारली में फार्मासिस्ट अनुपस्थित रहे। इसके बाद 31 अक्तूबर को शिवाली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण में एक चिकित्सक और एक एएनएम अनुपस्थित मिले है। वहीं एक नवंबर को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धरपा और बगरई का निरीक्षण किया गया। इस दौरान धरपा में वार्ड ब्वॉय अनुपस्थित मिला। संबंधित के खिलाफ कड़ी हिदायत देते हुए अनुपस्थित सभी का वेतन रोकने का निर्देश दिया है। भविष्य में इस तरह की लापरवाही मिलने पर कड़ी कार्रवाई के लिए शासन को पत्र लिखने की चेतावनी दी गई है। इसके अलावा सभी केंद्रों पर पेयजल, शौचालय आदि की सुविधाएं देखी गई। सभी केंद्र प्रभारियों को और सुधार करने के निर्देश दिए गए हैं।