सराफा व्यापारी को गोली मारकर जेवरात लूट ले गए बदमाश
बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र के धमैड़ा अड्डा क्षेत्र में बाइक सवार दो बदमाशों ने एक सराफ की दुकान में घुसकर उसे गोली मार दी। इसके बाद जेवरात लूटकर फरार हो गए। सराफ के कमर में गोली लगी है। गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद सराफ को हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया गया है। घटना की जानकारी होने पर आईजी प्रवीण कुमार भी मौके पर पहुंचे जिन्होंने मौके पर जांच पड़ताल करने के बाद अधिकारियों को जल्द से जल्द घटना का खुलासा करने के निर्देश दिए।
गांव उटरावली निवासी अरविंद (28) की धमैड़ा अड्डा के समीप सराफ की दुकान है। बृहस्पतिवार शाम करीब चार बजे अरविंद अपने भतीजे के साथ दुकान पर बैठे हुए थे। दो ग्राहक भी थे। उसी दौरान एक बाइक पर दो बदमाश पहुंचे और हथियार लेकर दुकान के अंदर घुस आए। बदमाशों के इरादों को भांपकर सराफ अरविंद ने वहां से भागने का प्रयास किया लेकिन तब तक एक बदमाश ने कमर में गोली मार दी। इसके बाद बदमाश वहां से कुछ जेवरात लूटकर फरार हो गए। फायरिंग की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों ने पुलिस को सूचना दी। घायल सराफ को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया।
एसपी सिटी, सीओ सिटी और नगर कोतवाल ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की। एसएसपी श्लोक कुमार ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायल सराफ से जानकारी ली। घायल सराफ का कहना है कि बदमाश क्या-क्या सामान लूट कर ले गए हैं, इसकी अभी जानकारी नहीं है। बदमाश काले कपड़ों में थे और उन्होंने मास्क लगाया हुआ था। एसएसपी ने नगर पुलिस को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद घायल सराफ को हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया गया।
खंगाले जा रहे सीसीटीवी
पुलिस ने घटनास्थल व उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालना शुरू कर दिया है। हालांकि बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग सका है।
मामले की गहनता से जांच की जा रही है। एसओजी, नगर कोतवाली की टीमों को खुलासे के लिए लगाया गया है। सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही हैं। जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा। - श्लोक कुमार, एसएसपी