समिति पर डीएपी न मिलने पर किसानों ने किया प्रदर्शन
ऊंचागांव। किसान सेवा सहकारी समिति पर शुक्रवार को डीएपी न मिलने पर किसानों ने प्रदर्शन किया। किसानों ने आरोप लगाया कि समिति पर पर्याप्त मात्रा में डीएपी नहीं है। वह रोजाना समिति के चक्कर लगाने को मजबूर हैं। किसानों ने जिला प्रशासन से पर्याप्त मात्रा में समिति पर डीएपी उपलब्ध करवाने की मांग की है।
क्षेत्र के किसान शुक्रवार को ऊंचागांव स्थित किसान सहकारी समिति पर डीएपी लेने के लिए पहुंचे, लेकिन उन्हें डीएपी नही मिल सकी। किसानों का आरोप है कि डीएपी कम मात्रा में समिति पर पहुंच रही है। जिसके चलते उन्हें अपनी गेहूं, सरसों, आलू व जई आदि फसलों की बुआई करने में दिक्कतें आ रही हैं। सहकारी समिति पर किसान आए दिन लाइन में घंटों खड़े रहने पर भी डीएपी नही मिल पा रही है। जिससे नाराज किसानों समिति पर हंगामा किया। करीब चार घंटे बाद डीएपी का वितरण हो सका। समिति पर डीएपी कम मात्रा में होने पर आधे किसानों को खाली हाथ लौटना पड़ा। प्रदर्शन करने वालों में भरतलाल शर्मा, गौरव, मनोज, मूलचन्द, सोनू, अनिल, पवन, सोमवीर, यश और अजयपाल आदि किसान शामिल रहे। जिला कृषि अधिकारी राहुल सिंह तेवतिया ने बताया कि जिले में डीएपी की कमी नहीं है। यदि यहां पर किसानों को डीएपी नहीं मिल रहा है तो इसका पता कर और डीएपी पहुंचाई जाएगी। इस समय जिले में 4200 मीट्रिक टन डीएपी उपलब्ध है। जबकि 27,500 मीट्रिक टन यूरिया भी उपलब्ध है। डीएपी की दो रैक जल्द आने वाली हैं।