गुलावठी पुलिस ने गैंगस्टर मुनफैद को किया गिरफ्तार
गुलावठी। थाना क्षेत्र के गांव फकाना के निकट मंगलवार देर रात पुलिस व दो बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। जिसमें एक बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया। जबकि, दूसरा बदमाश मौके से भाग निकला। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। साथ ही फरार बदमाश की तलाश की जा रही है। पुलिस जल्द ही उसे भी गिरफ्तार करने की बात कह रही है।
गुलावठी पुलिस मंगलवार देर रात गांव फकाना के निकट चेकिंग कर रही थी। उसी दौरान सिकंदराबाद की ओर से दो व्यक्ति एक बाइक पर आते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन बदमाशों ने बाइक को मोड़कर तेजी से गांव ईसापुर की ओर भागने लगे। जिसके बाद पुलिस ने बदमाशों का पीछा किया। कुछ दूरी पर बदमाशों की बाइक अनियंत्रित होकर गिर गर्इ। जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों की घेराबंदी करनी शुरू कर दी। अपने को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर जान से मारने की नीयत फायरिंग करनी शुरू की। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। जिसमें एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया और वहीं गिर गया। जबकि, दूसरा बदमाश अंधेरे का लाभ उठा कर मौके से भाग निकला। पकड़े गए बदमाश की शिनाख्त मुनफैद उर्फ भुट्टो निवासी रसूलपुर गुलावठी है। जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त मुनफैद उर्फ भुट्टो थाना गुलावठी का हिस्ट्रीशीटर है। आरोपी वांछित चल रहा था, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। आरोपी पर वर्तमान में 13 मामले दर्ज हैं। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। हालांकि, अभी तक उसे पकड़ा नहीं जा सका है।
कोट
गुलावठी पुलिस और बदमाशों के बीच देर रात मुठभेड़ हुई। जिसमें एक बदमाश गोली लगने के बाद घायलावस्था में गिरफ्तार कर लिया गया है। जल्द ही फरार आरोपी को पकड़ लिया जाएगा। - सुरेंद्र नाथ तिवारी, एसपी सिटी