पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन के साथ पकड़े दोनों युवकों पर रिपोर्ट
बुलंदशहर। पीसीपीएनडीटी के नोडल अधिकारी ने पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन के साथ पकड़े गए दो आरोपियों के खिलाफ नगर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस टीम के साथ धमैड़ा मोड़ नई बस्ती से कार से लिंग जांच करने वाली पोर्टेबल मशीन के साथ दो लोगों को पकड़ा था। पुलिस ने दोनों आरोपियों से पूछताछ कर उनका चालान कर दिया है।
पीएनपीएनडीटी एक्ट के नोडल अधिकारी डॉ. गौरव सक्सेना ने नगर कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि 10 अक्तूबर की दोपहर को एक सूचना पर पुलिस टीम के साथ नई बस्ती धमैड़ा मोड़ पर खड़ी कार को चेक किया गया। कार के अंदर पोर्टेबल यूएसजी मशीन रखी हुई थी। कार के अंदर सुबोध शर्मा निवासी आवास-विकास प्रथम और भूपेंद्र निवासी धमैड़ा मोड़ नई बस्ती मौजूद थे। कार से बरामद मशीन के द्वारा गैर कानूनी लिंग परीक्षण किया जा रहा था। दोनों आरोपियों से पूछताछ करने के बाद उन्हें पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया था। नगर कोतवाली पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ पीसीपीएनडीटी अधिनियम की विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। सीओ सिटी विकास प्रताप सिंह चौहान ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर पकड़े गए दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। संवाद