होमगार्डों को धक्का देकर हवालात से भागा शातिर बदमाश
बुलंदशहर। कोतवाली देहात की हवालात से एक शातिर बदमाश न्यायालय ले जाने के दौरान हथकड़ी लगाते समय होमगार्डों को धक्का देकर फरार हो गया। पुलिस ने शनिवार को ही अवैध तमंचे के साथ आरोपी को पकड़ा था। मामले में आरोपी युवक के साथ-साथ दो होमगार्ड और एक महिला कांस्टेबल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। देर रात पुलिस टीम ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया।
कोतवाली देहात पुलिस ने 26 दिसंबर को स्याना के गांव बरौली निवासी राजू उर्फ सोनू पुत्र पप्पू को एक तमंचे के साथ गिरफ्तार किया था। न्यायालय में पेश करने के लिए ले जाने के दौरान आरोपी राजू उर्फ सोनू को हवालात से निकाला गया। हवालात से निकालने के बाद होमगार्ड महीपाल द्वारा आरोपी राजू उर्फ सोनू को हथकड़ी लगाने की कार्रवाई की जा रही थी। आरोप है कि राजू उर्फ सोनू ने होमगार्ड महीपाल को धक्का दे दिया और वहां मौजूद दूसरे होमगार्ड हरपाल और महिला कांस्टेबल क्लर्क प्रतिभा नागर को चकमा देकर फरार हो गया। तत्काल ही दो पुलिस टीमों को आरोपी की तलाश में लगाया गया। उच्चाधिकारियों के आदेश पर कोतवाली देहात में आरोपी राजू उर्फ सोनू के अलावा दोनों होमगार्ड एवं महिला कांस्टेबल के खिलाफ लापरवाही बरतने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। कोतवाली देहात प्रभारी ने बताया कि देर रात को आरोपी राजू उर्फ सोनू को चौराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।