बिना तलाक पति के दूसरी शादी करने पर पत्नी ने किया हंगामा
सिकंदराबाद। बिना तलाक दिए पति के दूसरी शादी रचाने की सूचना पर पत्नी ने शनिवार को कार्रवाई के लिए चौकी में जमकर हंगामा किया। काफी देर तक नगर की दादरी गेट पुलिस चौकी में हाईवोल्टेज ड्रामा चलता रहा। मामला पहले से ही हापुड़ में दर्ज होने के कारण विवाहिता और उसके परिवार के लोगों ने कोई तहरीर नहीं दी। वहीं चौकी पर पहुंचे पति ने महिला के आरोपों को निराधार बताया।
पीड़ित महिला ने बताया कि वह हापुड़ की रहने वाली है। तीन अप्रैल 2019 को उसकी शादी सिकंदराबाद निवासी युवक के साथ हुई थी। शादी के बाद विवाद होने के कारण वह अपने मायके में रहने लगी। अभी उसका पति के साथ तलाक नहीं हुआ है। शनिवार को उसे सूचना मिली कि उसे तलाक दिए बगैर ही उसके पति ने बिना किसी की जानकारी के सिकंदराबाद निवासी युवती के साथ निकाह कर लिया है। पति के तलाक दिए बिना दूसरी शादी की सूचना पर पत्नी मायके के लोगों के साथ शनिवार रात सिकंदराबाद पहुंच गई। पति की शादी को अवैध बताते हुए उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर पत्नी ने काफी देर तक दादरी गेट पुलिस चौकी में हंगामा किया। इस दौरान पुलिस ने महिला के पति को भी चौकी पर बुलाया। महिला के पति ने आरोपों को निराधार बताया और शादी से इंकार किया। युवक ने बताया कि इस मामले में हापुड़ में पंचायत हो चुकी है। इसमें आपसी सहमति से दोनों का तलाक हो चुका है। हालांकि पीड़ित महिला और उसके परिजनों ने पंचायत से इंकार किया। दहेज उत्पीड़न सहित कई अन्य मामलों में हापुड़ में रिपोर्ट दर्ज होने के कारण महिला ने कोई तहरीर नहीं दी।