लड़ाना इंटर कालेज में सहायक अध्यापक की नियुक्ति प्रकरण में नया पेंच फंस गया है। नियुक्ति को वैध करार देने वाले बीएसए की रिपोर्ट के उलट एसडीएम स्याना की जांच रिपोर्ट दी है। दरअसल, बीएसए ने शिक्षक की नियुक्ति प्रक्रिया को सही ठहराया था।
वहीं, एसडीएम ने जांच में नियुक्ति को नियमों का सही पालन नहीं माना है। दो दो आला अफसरों की जांच रिपोर्ट में असमानता मिलने पर डीएम शुभ्रा सक्सेना ने बीएसए का जवाब तलब किया है। लड़ाना इंटर कॉलेज में एक शिक्षक की नियुक्ति नियमों के तहत नहीं होने का आरोप लगाकर ग्रामीण आंदोलन कर रहे हैं।
डीएम ने इसकी जांच बीएसए से कराई। बीएसए ने अपनी जांच में नियुक्ति प्रक्रिया को सही ठहरा दिया। ग्रामीण बीएसए की जांच से सहमत नहीं हुए और भूख हड़ताल पर डटे रहे। बाद में डीएम ने एसडीएम स्याना से जांच कराई।
एसडीएम की जांच में शिक्षक की नियुक्ति में सभी नियमों का पूरी तरह पालन नहीं पाया गया। अब डीएम शुभ्रा सक्सेना ने बीएसए वेदराम को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा है कि नियम पूरे नहीं थे तब रिपोर्ट सही कैसे दे दी।