हदीमपुर गेट पर टाटा मैजिक ने दो बाइकों को टक्कर मार दी। इसमें एक बाइक पर सवार जीता-साले की मौत हो गई जबकि दूसरी बाइक पर सवार जीजा का भाई घायल हो गया।
हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों ने शव रख कर जाम लगा दिया। एसडीएम, सीओ और कोतवाल के समझाने और कार्रवाई के आश्वासन पर चार घंटे बाद परिजनों ने जाम खोला।
पुलिस के अनुसार हदीमपुर निवासी घायल दुष्यंत कुमार पुत्र लेखराज ने बताया कि भाई नरेंद्र के साथ जेवर अड्डे पर वेल्डिंग की दुकान चलाते हैं।
सोमवार शाम दुष्यंत अपने भाई नरेंद्र, मंडी बकापुर औरंगाबाद निवासी नरेंद्र का साला राजू व गांव का पप्पी पुत्र माचंद दो बाइकों से गांव लौट रहे थे।
एक बाइक पर नरेंद्र और राजू जबकि दूसरी बाइक पर दुष्यंत पप्पी के साथ बैठा था। दुष्यंत ने बताया कि जैसे वह हदीमपुर गेट पर पहुंचे तो सामने से आ रहे टाटा मैजिक ने दोनों बाइकों को सामने से टक्कर मार दी।
हादसे में नरेंद्र व राजू गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि दुष्यंत के हाथ में फैक्चर हो गया। घटना के बाद टैंपो चालक फरार हो गया।
मौके पर पहुंचे आसपास के लोगों की मदद से घायलों को नोएडा के लिए रवाना किया गया। लेकिन नरेंद्र की रास्ते में मौत हो गई। जबकि राजू ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।